अनोखा तीर, टिमरनी। नगर परिषद टिमरनी के वार्ड 6 के पार्षद सुनील दुबे ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर स्वीकृत निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने एवं नवीन कार्यों की स्वीकृति की मांग की है। पार्षद सुनील दुबे ने बताया कि दिनांक 16 मई 2024 को आयोजित पीआईसी बैठक में वार्ड 6 स्थित अमृतगंगा कॉलोनी में विजय पटवारी के मकान से रमेश चौधरी के घर तक सीसी सड़क रिन्यूअल कार्य की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन आज तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। इस संबंध में वे चार बार लिखित रूप से अवगत करा चुके हैं तथा वार्डवासियों द्वारा भी कई बार मांग की जा चुकी है। उन्होंने वर्षा ऋतु से पहले निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि रहवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। पत्र में पार्षद ने वार्ड 6 के बराडया मोहल्ले में ओमप्रकाश पंवार के घर से सुशील चौधरी के मकान तक तथा सुनील भराड़े के मकान से हनुमान मंदिर होते हुए संजय पारासर के मकान तक सीसी सड़क रिन्यूअल कार्य स्वीकृत कर निर्माण कराने की मांग भी की है। उन्होंने बताया कि उक्त सड़कें अत्यंत जर्जर हो चुकी हैं और वार्डवासी लंबे समय से निर्माण की मांग कर रहे हैं। पार्षद सुनील दुबे ने स्वीकृति के कई माह बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जर्जर सड़कों के कारण वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पार्षद ने सीएमओ से दोनों मामलों में शीघ्र कार्यवाही कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।
———————

