केबल जलने से 4 घंटे बंद रही बिजली, गर्मी में हलाकान रहे ग्रामीण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम में स्टेट हाईवे किनारे लगे 200 केवी ट्रांसफार्मर की केबल जलने से आग लग गई, जिससे आधे गांव की बिजली सप्लाई करीब चार घंटे तक बंद रही। आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीणों ने वितरण कंपनी के कर्मचारियों को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई। केबल सुधारने में कर्मचारियों को लगभग चार घंटे का समय लगा। इस दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक ग्रामीणों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा। करीब 40 डिग्री तापमान और तेज धूप के कारण पंखे एवं कूलर बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर 3.30 बजे के करीब बिजली सप्लाई शुरू होने पर ग्रामीणों को राहत मिली, लेकिन अधिक गर्मी और लोड बढ़ने के कारण शाम तक ट्रिपिंग की समस्या बनी रही, जिससे बिजली का आना-जाना लगा रहा। बिजली बंद रहने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हुए। वहीं सुबह से हो रही बिजली कटौती के कारण दिनचर्या पर भी असर पड़ा।
बिजली का खंभा झुकने से हादसे का डर
ग्राम में सिराली मार्ग तिराहे पर पिछले दिनों एक डंपर की टक्कर से 11 केवी लाइन का खंभा झुक गया, जिससे बिजली के तार नीचे लटक गए हैं। स्टेट हाईवे पर सड़क क्रॉसिंग कर रहे इन तारों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि तारों की ऊंचाई कम होने से बड़े वाहनों के टकराने का खतरा बना हुआ है। शक्रवार को हरदा से खिरकिया की ओर जा रहा एक ट्रक सुरक्षा के लिए लगाई गई जाली से टकरा गया। गनीमत रही कि सुरक्षा जाली लगी होने से ट्रक बिजली लाइन के तारों से नहीं टकराया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वितरण कंपनी के जेई संदीप डूडी ने बताया कि पिछले दिनों डंपर की टक्कर से खंभा झुक गया था। इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई है तथा उच्च अधिकारियों को भी जानकारी भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद नया खंभा लगाकर लाइन को व्यवस्थित किया जाएगा।
—————————

2 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!