अनोखा तीर, देवास। एक बुजुर्ग किसान से 31 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने मंडी के बाहर बस का इंतजार कर रहे किसान को बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के बोरदा धाकड़ निवासी करीब 70 वर्षीय किसान समंदर सिंह मंगलवार को मक्सी रोड स्थित मंडी में अपनी उपज बेचने आए थे। उपज बेचने के बाद उनके पास 31 हजार रुपए की नकदी थी। किसान मंडी के सामने बस का इंतजार कर रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार चार युवक उनके पास पहुंचे। इनमें से दो युवकों ने किसान से रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। महज 2 से 3 मिनट की बातचीत के दौरान बदमाशों ने किसान को इस तरह उलझाया कि उन्हें भनक तक नहीं लगी और कुर्ते के अंदर बनियान में रखे 31 हजार रुपए निकाल लिए। घटना के कुछ ही सेकंड बाद किसान को एहसास हुआ तो उन्होंने बदमाशों का पीछा भी किया। हालांकि, तब तक चारों आरोपी दोनों बाइकों से फरार हो चुके थे। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर बीएनपी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि सीसीटीवी में चार संदिग्ध युवक दो बाइकों पर नजर आए हैं। हालांकि अभी तक बाइकों के नंबर स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। किसान को भी थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा

