गौ-हत्या मामले में पूछताछ के बाद बुजुर्ग ने खाया जहर, धरने पर बैठे परिजन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में गोहत्या के एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए 60 वर्षीय रामदास कोरकू की शनिवार रात मौत हो गई है। उनके बेटे ने आरोप लगाया है कि पुलिस की प्रताड़ना से परेशान होकर रामदास ने टिमरनी थाने में जहर खा लिया, जिससे उनकी जान चली गई। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया है। इस मामले में रविवार सुबह मृतक के परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मामले की मजिस्ट्रियल जांच की मांग की है। परिजन पीएम नहीं कराने की बात पर अड़े हुए हैं और अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। वहीं पुलिस समझाइश दे रही है। परिजनों के प्रदर्शन के कारण अभी तक पीएम नहीं हो पाया है।
गौवंश की मौत के मामले में चल रही थी जांच
यह मामला 26 अप्रैल को टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम छिदगांवमेल में सामने आया था। गंजालेश्वर आश्रम से पांच गौवंशीय पशुओं को चुराकर रेलवे ट्रैक पर बांध दिया गया था, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की थीं और संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। इसी क्रम में ग्राम पिपल्याकला निवासी रामदास पिता ओंकारदास कोरकू (60) को भी शनिवार सुबह पूछताछ के लिए टिमरनी थाने बुलाया गया था। शनिवार को एसपी शशांक मिश्रा ने भी पूछताछ की थी। पुलिस के अनुसार, आश्रम के सेवादारों और ग्रामीणों समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिनमें रामदास भी शामिल थे।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
देर रात रामदास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक रामदास का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि उन्होंने पूरे जीवन गोसेवा की है, लेकिन बुढ़ापे में उन्हें यह आरोप मिला है। मृतक के बेटे भवानी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता ने टिमरनी पुलिस थाने में जहर खाया था। उनके अनुसार, पुलिस बार-बार उनके पिता को पूछताछ के लिए बुलाकर परेशान कर रही थी, जबकि वे वर्षों से गायों की सेवा कर रहे थे। इसी परेशानी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। वहीं, टिमरनी एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने बताया कि रामदास ने थाने के अंदर नहीं, बल्कि बाहर जहर खाया था। उनके मुताबिक, घटना को लेकर करीब 20-22 लोगों से पूछताछ की जा रही थी और रामदास को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। एसडीओपी के अनुसार, पूछताछ के बाद शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रामदास किसी व्यक्ति से 100 रुपये उधार लेकर चाय पीने का कहकर हरदा रोड की ओर गए थे। वहीं उन्होंने किसी जहरीली दवा का सेवन किया। रात करीब 8 बजे वे थाने के सामने बने आगंतुक शेड में बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद पुलिस उन्हें तत्काल टिमरनी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम जाना था लेकिन परिजन धरने पर बैठ गए।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!