अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर सक्तापुर से मुरम खाली कर हरदा की ओर जा रहे एक डंपर ने गुरुवार शाम ग्राम के सिराली मार्ग तिराहे पर लगे 11 केवी बिजली के खंभे को टक्कर मार दी। हादसे में खंभा तिरछा हो गया और पूरे गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में अंधेरे में रहना पड़ा। जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 7 बजे की है। डंपर चालक गांव में तिराहे के पास नाश्ता करने के लिए रुका था और वाहन साइड में लगा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे लगे 11 केवी लाइन के खंभे से डंपर की साइड टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का खंभा झुक गया। गनीमत रही कि खंभा पूरी तरह नहीं गिरा, वरना बिजली के तार डंपर पर आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय तिराहे पर स्थित दुकानों के आसपास ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी। हादसा होते ही लोग घबराकर मौके से दूर हट गए। टक्कर के साथ ही बिजली सप्लाई बाधित हो गई और पूरे गांव में अंधेरा छा गया। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से डंपर को खंभे से अलग किया गया। हालांकि देर तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को गर्मी और अंधेरे में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
—————————-

