एक मंच पर तीन आयोजन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-नारी शक्ति, पोषण और शिक्षा का संगम, टॉपर हर्षिता चौरसिया ने बढ़ाया मान
अनोखा तीर, टिमरनी। नगर परिषद टिमरनी के वार्ड 6 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में मंगलवार को उत्साह और उमंग के बीच एक साथ तीन बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा, पोषण माह पखवाड़ा और विद्यारंभ बाल्यावस्था शिक्षा प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में वार्ड की नारी शक्तियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में नगर की होनहार बिटिया हर्षिता चौरसिया को आमंत्रित किया गया था। हर्षिता ने सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल से कक्षा 10वीं की परीक्षा में जिले की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे टिमरनी का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद अतिथियों ने योजनावार अपने विचार रखे। भाजपा जिला मंत्री ने ‘नारी शक्ति वंदनÓ पर बोलते हुए कहा, आज की नारी हर क्षेत्र में आगे है। सरकार बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। नारी शक्ति ही असली राष्ट्र शक्ति है। पार्षद सुनील दुबे ने शासन की लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, पोषण आहार योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से लाभ लेने की अपील की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करुणा सोनपुरे ने पोषण माह की थीम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही पोषण ही स्वस्थ बचपन की नींव है। उन्होंने बाल्यावस्था शिक्षा के महत्व को समझाते हुए विद्यारंभ प्रमाण पत्र भी वितरित किए। मुख्य अतिथि हर्षिता चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा, नियमित पढ़ाई, माता-पिता और गुरुजनों का मार्गदर्शन ही सफलता की कुंजी है। मैं चाहती हूं कि टिमरनी की हर बेटी पढ़े और आगे बढ़े। हर्षिता के प्रेरणादायक शब्दों से पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।  सम्मान समारोह में पार्षद सुनील दुबे ने हर्षिता चौरसिया, उसके परिवारजनों तथा वार्ड अंकित पिता दिनेश गौर, आराध्या पिता मनोज सोनपुरे मेधावी विद्यार्थियों को उनके पालकों सहित मंच पर बुलाकर दुपट्टा ओढ़ाकर, मिठाई खिलाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वार्ड की बड़ी संख्या में महिलाएं, नन्हे-मुन्ने बच्चे, वार्ड 12 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता चंदेल, सहायिका छमा गौर, भाजपा कार्यकर्ता एवं मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करुणा सोनपुरे ने किया।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!