अनोखा तीर, हरदा। वन स्टॉप सेंटर हरदा द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज, हरदा एवं प्रधान मंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, हरदा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी प्रशासक श्रीमती अभिलाषा पटेरिया एवं केस वर्कर ऋतु राजपूत ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, दहेज प्रथा उन्मूलन तथा राज्य शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही ‘हब फॉर एंपावरमेंटÓ के अंतर्गत महिलाओं से संबंधित स्वरोजगार योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध सेवाओं परामर्श सहायता, विधिक सहायता, आश्रय सहायता, चिकित्सा सहायता एवं पुलिस सहायता की जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 एवं विधिक सेवा प्राधिकरण हेल्पलाईन 15100 के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा के प्रभारी प्राचार्य सीएस चौहान एवं प्रधान मंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, हरदा के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राकेशसिंह परस्ते, एनएसएस प्रभारी डॉ. मनीषा चौहान, शिक्षकगण एवं वन स्टॉप सेंटर हरदा का स्टाफ मौजूद रहा।

