अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम में जल जीवन मिशन योजना के तहत बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन जगह-जगह से फूट जाने के कारण पेयजल व्यवस्था चरमराने लगी है। पाइपलाइन से लगातार हो रहे रिसाव के चलते सड़कों पर पानी व्यर्थ बह रहा है, जबकि कई घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे ग्रामीणों को गर्मी के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत द्वारा प्रतिदिन लगभग एक घंटे नल चालू किया जाता है, लेकिन प्रेशर कम होने के कारण पानी कई घरों तक नहीं पहुंच पाता। मस्जिद मोहल्ला सहित कई इलाकों में स्थिति खराब बनी हुई है, जहां लोगों को हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। गांव में करीब दो वर्ष पूर्व एक करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाकर घर-घर नल कनेक्शन दिए गए थे। उस समय इस योजना से ग्रामीणों को नियमित और स्वच्छ पेयजल मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे पानी सड़कों और गलियों में बहकर बर्बाद हो रहा है। ग्रामीण मदनलाल, राधेलाल, प्रदीप, नितिन सहित अन्य लोगों का कहना है कि गांव में करीब 450 नल कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन इनमें से कई घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो चुकी है। गर्मी के मौसम में जहां पानी की खपत बढ़ गई है, वहीं पाइपलाइन लीकेज के कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है। गांव में स्टेट हाईवे किनारे परशुराम पाटिल के घर के सामने, राधा-कृष्ण मंदिर के पास, सुधीर पटेल, हरनारायण छालोत्रे और वसंत नामदेव के घर के सामने पाइपलाइन फूटी हुई है। इन स्थानों पर पानी बहने से सड़क के बीचों-बीच दलदल बन गया है और हाईवे किनारे गड्ढे भी हो गए ह

