नरवाई में लगी आग से किसान की मक्का बाल-बाल बची, दमकल ने पाया काबू

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम की देदली नदी किनारे स्थित खेतों में गुरुवार दोपहर नरवाई में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलते हुए नायरा पेट्रोल पंप के सामने स्थित खेतों तक पहुंच गई, जहां किसान सलीम शाह के खेत में रखे मक्का के भुट्टों का ढेर खतरे में आ गया। समय रहते ग्रामीणों की सूझबूझ और दमकल की मदद से बड़ा नुकसान टल गया। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 4 बजे देदली नदी के आसपास खेतों में नरवाई सुलगने लगी, जो तेज हवा के चलते फैलती हुई पास के खेतों तक पहुंच गई। आग की लपटें बढ़ती देख ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर हरदा नगर पालिका से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान सड़क किनारे तक आग पहुंचने से क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की चपेट में करीब 30 एकड़ क्षेत्र की नरवाई जलकर राख हो गई। किसान सलीम शाह ने बताया कि आग पहले नदी किनारे सुलग रही थी, जो धीरे-धीरे फैलकर उनके पड़ोसी के खेत तक पहुंच गई, जहां मक्का के भुट्टों का ढेर रखा हुआ था। आग को फैलता देख मजदूरों के साथ मिलकर झाड़ियां काटकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल बुलाना पड़ा। क्षेत्र में इन दिनों गेहूं की कटाई लगभग पूरी हो चुकी है और किसान खेत तैयार करने के लिए नरवाई में आग लगा रहे हैं। गर्मी और हवा के कारण ऐसी आग तेजी से फैलकर बड़े हादसों का रूप ले सकती है। राहत की बात यह रही कि कई खेतों में मूंग की फसल लगी होने के कारण आग को आगे बढ़ने से रोकने में मदद मिली, अन्यथा यह आग पलासनेर मार्ग तक पहुंचकर आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा सकती थी।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!