-एसडीएम टिमरनी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार का एक सप्ताह का वेतन रोका
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने आमजन से जुड़ी शिकायतों के निराकरण के लिए सरकार के सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का अधिकारियों द्वारा उचित निराकरण नहीं किये जाने पर गंभीर आपत्ति व्यक्त की है। उन्होने दर्ज शिकायतों के निराकरण में खराब प्रदर्शन पाये जाने पर एसडीएम टिमरनी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार रहटगांव का एक सप्ताह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह हरदा एवं खिरकिया जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के प्रदर्शन को भी संतोषजनक नहीं माना गया है। सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री जैन का दो टूक कहना था कि यदि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का उचित निराकरण नहीं किया जाता है, तो फिर यह गंभीर प्रश्न चिन्ह है कि आम आदमी अपनी शिकायतें लेकर कहां जाए। उन्होने अधिकारियों को सख्त लहजे मे चेतावनी दी कि वे प्रत्येक शिकायत की गहराई तक जाएं एवं उसका समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि विगत दिनों भ्रमण के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिले को एक फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की घोषणा पर शासन द्वारा अमल किया गया है। इसके तहत जिले को एक और फायर ब्रिगेड की स्वीकृति मिल गई है। बैठक में कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में हाट बाजारों में प्लास्टिक का कचरा फैलाने वालों पर रोक लगाने के लिए सौर ऊर्जा चलित सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आदेशित किया। बैठक में उन्होने हरदा के बस स्टेण्ड पर मुसाफिरों के लिए छाया एवं पानी के समुचित प्रबन्ध करने के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिए। बार-बार निर्देशों के बावजूद नगरीय क्षेत्रों में दुकानदारों एवं स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा डस्टबिन नहीं रखे जाने पर कलेक्टर ने कहा कि इस दिशा में कार्यवाहीं नहीं होने पर संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी जिम्मेदार होंगे। हरदा नगरीय क्षेत्र में खाली पड़े प्लाटों पर कचरा फैकने की निरन्तर आ रही शिकायतों के दृष्टिगत कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश पाटीदार को निर्देशित किया कि इस तरह के कचरा फैकने वालों पर जुर्माना लगाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों के मकानों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित नहीं किये जाने पर भी कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होने कहा कि संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मकानों पर वाटर हार्वेस्टिंग लगाने की व्यवस्था का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने स्कूलों में पानी की टंकियों की नियमित सफाई पर भी बैठक में जोर दिया। उन्होने कहा कि प्रत्येक टंकी पर सफाई की दिनांक भी अंकित करवाई जाए। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व वसूली, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं संकल्प से समाधान योजना की भी कलेक्टर द्वारा साप्ताहिक समीक्षा की गई।
जनगणना अंतर्गत सभी से स्वगणना किए जाने की अपील
बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने सभी अधिकारी कर्मचारियों से जनगणना 2027 अंतर्गत 30 अप्रैल तक की जा रही स्वगणना में रूचि लेकर ऑनलाइन स्वगणना करने की अपील की। उन्होने कहा कि विभागों से संबंधित जनप्रतिनिधियों से भी स्वगणना करवाई जाए। इसके अलावा उपार्जन केन्द्रों पर आ रही किसानों से भी उपार्जन केन्द्रों पर स्वगणना करवा ली जाए। साथ ही विभिन्न विभागों के सम्पर्क में आने वाले नागरिकों को भी स्वगणना के लिये प्रेरित किया जाए। बैठक में अधिकारियों को स्वगणना करने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक कुमार डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

