-तात्कालिक भाषण में महिलाओं ने रखे अपने विचार
-किशोरी बालिकाओं ने देवीय स्वरूप में सजकर दी प्रस्तुति
अनोखा तीर, हरदा। सर्वब्राह्मण समाज संगठन द्वारा पांच दिवसीय परशुराम जन्मोत्सव के अंतर्गत बुधवार को बाविसा ब्राह्मण समाज धर्मशाला में महिला इकाई द्वारा किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए प्रतियोगिताएं रखी गई। इस दौरान महिलाओं द्वारा तात्कालिक भाषण में अपने विचार प्रस्तुत किए गए, वहीं नृत्य की प्रस्तुतियों पर उन्हें खूब सराहना मिली। सर्वब्राह्मण समाज महिला इकाई की अध्यक्ष विनीता राजोरिया ने बताया कि महिलाओं ने पारिवारिक मूल्य, ब्राह्मण एकता, युद्ध के दुष्परिणाम, सामाजिक विकास में नारी का योगदान, स्त्री शिक्षा का महत्व, बच्चों को मोबाइल से दूर करने के उपाय एवं अगला प्रधानमंत्री महिला हो तो, विषय पर अपने सारगर्भित विचार रखे। किशोरी बालिकाओं ने देवीय स्वरूप में सजकर अपनी प्रस्तुति दी। प्रतियोगिताओं में शीतल उपरीत, तेजल परुलकर, मीनाक्षी तिवारी, स्वाति खेमरिया, निशा तिवारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। अंत में आभार सचिव अदिति गुरु ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अश्लेषा शुक्ला ने किया। कार्यक्रम के दौरान सुनीता जोशी, पुष्पा शर्मा, शानू शर्मा, प्रीति शर्मा, अश्लेषा शुक्ला, मनीषा डाले, कंचन शर्मा ने प्रतियोगिता में प्रभारी का दायित्व निभाया।
किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा
महिला वर्ग नृत्य विधा में शिवानी तिवारी प्रथम, पूर्णिमा तिवारी द्वितीय, ममता पाराशर तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं नृत्य बालिका वर्ग में सूक्ति पारे ने पहला, अवनी उपाध्याय ने दूसरा, उर्वशी पाराशर एवं महिमा शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तात्कालिक भाषण महिला वर्ग में रीना शुक्ला ने पहला, मेघा गोरखे ने दूसरा, शोभा काशिव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आज होगा रक्तदान एवं ड्राइविंग लाइसेंस शिविर
सर्वब्राह्मण समाज युवा इकाई द्वारा आज सुबह 10 बजे से मां रेवा गार्डन में रक्तदान शिविर एवं ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रभारी प्रशांत शर्मा, प्रतीक शर्मा एवं कान्हा जोशी ने बताया कि 23 अप्रैल को रक्तदान शिविर एवं सर्व समाज के लिए ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया जाएगा। महिलाओं के लिए ड्राइविंग लाइसेंस शिविर निशुल्क होगा। युवा इकाई सचिव नवीन शर्मा ने बताया कि महिलाएं अपना आधारकार्ड जो मोबाइल नम्बर से लिंक हो वह लेकर आए। युवा इकाई अध्यक्ष विवेक बादर, सुदीप मंडलोई ने सभी से रक्तदान के साथ ड्राइविंग शिविर का लाभ लेने का आग्रह किया है।


