-आरोपियों के पास से २ किलो गांजा सहित कार जब्त
अनोखा तीर, हरदा। हरदा सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो से अधिक गांजा, एक कार सहित अन्य सामग्री जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 8.30 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस को मुखबिर से ग्राम रन्हाई में गांजे के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने दबिश देकर ग्राम रन्हाई निवासी अखिलेश पिता रामकृष्ण पटवारे (45) को पकड़ा। उसके पास से 1 किलो 71 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है। एसडीओपी शालिनी परस्ते के अनुसार, आरोपी अखिलेश से पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अर्चनागांव निवासी संतोष पिता भारतसिंह कीर (34) से खरीदकर लाया था।
फोरलेन पर घेराबंदी, दूसरा आरोपी भी पकड़ा
पुलिस ने जानकारी के आधार पर अबगांवखुर्द के पास फोरलेन रोड पर घेराबंदी कर संतोष कीर को उसकी कार सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 138 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, संतोष के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 2 किलो 209 ग्राम गांजा और एक सफेद हुंडई कार कीमत करीब 8 लाख रुपये सहित कुल 8 लाख 30 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


