-भारत विकास परिषद ने बड़झिरी के अग्निकांड पीड़ित परिवारों को दी सहायता सामग्री
अनोखा तीर, हरदा। विपत्ति कभी बोलकर नहीं आती, लेकिन ऐसे समय में पीड़ितों की सेवा और सहयोग करना ही वास्तव में ईश्वर की सच्ची भक्ति करना होती है। आज बड़झिरी गांव के इन आदिवासी परिवारों पर जो संकट आया है, हम उसकी पूरी भरपाई तो नहीं कर सकते, लेकिन उनके जीवन यापन को वापस पटरी पर लाने के लिए फूल नहीं तो पंखुड़ियां तो दे ही सकते हैं। उनके इस दुख की घड़ी में जहां विभिन्न सामाजिक संगठन तथा जनप्रतिनिधि आदि आवश्यकता अनुसार अलग- अलग सामग्री प्रदान कर रहे हैं, वहीं भारत विकास परिषद ने भी उनकी महती आवश्यकता को देखते हुए कुछ सामग्री देने का निर्णय लिया। उक्त विचार भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अंशुल अग्रवाल ने व्यक्त किए। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हरदा जिले के ग्राम बड़झिरी में बिजली के शार्ट सर्किट से आठ आदिवासी परिवारों के घर तथा गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया था। दिहाड़ी मेहनत मजदूरी कर अपने परिवारों का भरण पोषण करने वाले इन आदिवासी परिवारों के सामने जीवन यापन का संकट उत्पन्न हो गया था। ऐसी स्थिति में शासकीय मदद का इंतजार किए बगैर विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा मदद के हाथ बढ़ाते हुए इन परिवारों को राशन पानी कपड़े इत्यादि प्रदाय किए गए। इसी क्रम में भारत विकास परिषद द्वारा इन परिवारों को बिस्तर तथा अनाज रखने के लिए स्टील की टंकियां आदि सामग्री प्रदाय की गई। वही पीड़ित परिवारों में एक महिला जो गांव ग्रामीण के कपड़े सिलकर अपना भरण पोषण करती थी, उसकी सिलाई मशीन भी जलकर खाक हो चुकी। भारत विकास परिषद द्वारा उस महिला को नई सिलाई मशीन भी प्रदान की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश टांक ने कहा कि इस अग्निकांड में सोम पिता नंदराम आदिवासी का टै्रक्टर जलकर खाक हो चुका है। वह ट्रैक्टर बैंक से लोन लेकर लिया गया था। श्री टांक ने कहा कि हम संबंधित बैंक से संपर्क कर शेष रही दो किस्तें माफ कराने और ट्रैक्टर का बीमा प्रदान करने में प्राथमिकता से मदद करेंगे। इसी तरह इन परिवारों को शासन से भी आर्थिक सहायता प्रदान कराने में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय समन्वयक राजनारायण मौर्य, सचिव डॉ.माधव बंसल, संपर्क प्रमुख प्रो. विजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी, समाजसेवी कुंजबिहारी सोमानी, अधिवक्ता प्रकाश टांक, देवेन्द्र दुआ, प्रहलाद शर्मा आदि उपस्थित थे।


