वनोपज संग्रहण के दौरान सावधानी बरतें, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

अनोखा तीर, हरदा। गर्मी के मौसम में वन्यजीवों के हमले की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। वनोपज संग्रहण करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वनमंडलाधिकारी सामान्य ने बताया कि गर्मी में पानी की तलाश में वन्यजीव घूमते रहते हैं, जिससे हमले का खतरा बढ़ जाता है। महुआ, तेंदूपत्ता एवं अन्य लघु वनोपज के संग्रहण के लिए ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, जहां उनका सामना बाघ, तेंदुआ एवं अन्य वन्यजीवों से हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि लघु वनोपज संग्रहण के लिए समूह बनाकर जंगल में जाएं। साथ में डंडा, मोबाइल, टॉर्च, पानी जैसी आवश्यक सामग्री रखें। अंधेरे में जंगल में प्रवेश न करें तथा छोटे बच्चों को जंगल न ले जाएं। वनों में पेड़ों के नीचे सफाई या बीड़ी-सिगरेट पीने के लिए आग न लगाएं।

31 Views

Leave a Reply