अनोखा तीर, हरदा। राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह शासकीय महाविद्यालयीन बालक छात्रावास हरदा में आज डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक शंभूदयाल पनागरे ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता और समानता के प्रतीक थे। उन्होंने मसौदा समिति के अध्यक्ष के रूप में देश को एक मजबूत संविधान प्रदान किया और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लें। कार्यक्रम में छात्रनायक विजय इवने एवं दुर्गेश तेकाम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डाला। जयंती के उपलक्ष्य में छात्रावास स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन लालमन कुमरे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पवन कलम द्वारा किया गया। अंत में सहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी छात्रों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में छात्रावास के समस्त छात्र उपस्थित रहे और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

