-स्वच्छता, शिक्षा और संविधान पर सशक्त अभियान
अनोखा तीर, हरदा। सिनर्जी संस्था के युवालय कार्यक्रम अंतर्गत 12, 13 एवं 14 अप्रैल को आयोजित त्रि-दिवसीय जनजागरूकता अभियान ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सशक्त मिसाल प्रस्तुत की। अभियान के प्रथम चरण में अजनाल नदी एवं मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस पहल ने यह दर्शाया कि युवा केवल सोचते ही नहीं, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर बदलाव लाने का कार्य भी करते हैं। द्वितीय चरण में बड़ी नहर एवं विकास नगर क्षेत्र में शिक्षा के महत्व को लेकर नुक्कड़ नाटक का प्रभावी मंचन किया गया। युवाओं ने अपने अभिनय के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि शिक्षा ही एक सशक्त और विकसित भविष्य की कुंजी है। 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर युवाओं ने अंबेडकर चौक पहुंचकर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। तत्पश्चात युवालय केंद्र पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नृत्य, ओजपूर्ण भाषण एवं प्रश्न मंच के माध्यम से युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला विधिक प्राधिकरण से जवाहर पारे, अनीस मोहम्मद खान एवं अंतिमा चोलकर की उपस्थिति रही। इस अवसर पर अनीस मोहम्मद खान द्वारा संविधान में निहित अधिकारों एवं जिला विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। वहीं जवाहर पारे ने युवाओं को बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, मोबाइल के दुरुपयोग एवं अपराध जैसी चुनौतियों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंतिमा चोलकर ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए शिक्षा एवं करियर के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उनके सपनों और लक्ष्यों को समझने का प्रयास किया, जिससे वे अपने भविष्य के प्रति अधिक सजग बन सकें। कार्यक्रम में 50 से अधिक युवा शामिल हुए, जो हरदा जिले एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए थे। युवाओं की सक्रिय सहभागिता और उत्साह ने इस अभियान को सफल एवं प्रेरणादायक बनाया। इस अभियान ने युवाओं की जागरूकता और प्रतिबद्धता को दर्शाया, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है।


