अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम के रहटगांव रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में सोमवार रात्रि को खाटू श्याम बाबा की विशाल भजन संध्या एवं कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन सोनू संतोष भाटी द्वारा रखा गया, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भजन संध्या का आनंद लेने पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत रात्रि 9 बजे विधिवत पूजा-अर्चना एवं ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद भजन संध्या का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात लगभग 3 बजे तक निरंतर चलता रहा। इस अवसर पर शाजापुर के भजन गायक देवेंद्र मेवाड़ा एवं पाली (राजस्थान) की सुप्रसिद्ध भजन गायिका सोनू सिसोदिया ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कीर्तन की है रात, बाबा आज थाने आनो है जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। भजन संध्या के दौरान भगवान गणेश, हनुमान जी, रनू बाई, गुरु महाराज, खाटू श्याम बाबा, रामदेव बाबा एवं सांवरिया सेठ के सुंदर भजन प्रस्तुत किए गए। पूरे आयोजन के दौरान इत्र वर्षा एवं पुष्प वर्षा होती रही, जिससे वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बना रहा। भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बाबा का भव्य दरबार रहा, जिसे देवास से आए श्याम भक्त द्वारा आकर्षक रूप से सजाया गया था। गुलाब सहित विभिन्न फूलों से सजा यह दरबार अत्यंत मनमोहक और अलौकिक प्रतीत हो रहा था। कार्यक्रम में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का भोग लगाया गया। भजन संध्या के समापन पर महाआरती कर प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु खाटू श्याम बाबा की जय के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

