अनोखा तीर, हरदा। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में हरदा विधायक डॉ. आर.के. दोगने, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, पूर्व मंत्री कमल पटेल, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी संघ हरीश कौशल, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व छात्र उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह ने कहा कि आज हम ऐसे महापुरुष की जयंती के अवसर पर एकत्रित हुए हैं, जिन्हें देश का संविधान निर्माता कहा जाता है। उन्होंने सभी को जयंती की शुभकामनाएं दीं। विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने संविधान का निर्माण कर सभी को समान अधिकार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को शिक्षित करना था और हमें उनके इस उद्देश्य को पूरा करना है। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि डॉ. आंबेडकर में बचपन से ही कुछ कर दिखाने का जज्बा था। उन्होंने छुआछूत मिटाने के लिए शिक्षा को माध्यम बनाया और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विदेश तक गए। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं में आरती पिता राजेश राठौर 98 प्रतिशत और रवि चौहान पिता जियालाल 86 प्रतिशत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत प्रियंका पति लक्की सोलंकी, सोडलपुर तथा जिला अंत्यावसायी निगम की डॉ.भीमराव आंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत धीरज पिता शोभाराम, बीड़ को एक लाख का ऋण बैंक ऑफ इंडिया मसनगांव से ‘किराना व्यवसायÓ हेतु तथा संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत अर्जुन पिता भिक्कू, हरदा को 12.50 लाख का ऋण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया हरदा से ‘बोलेरो लोडिंग वाहनÓ के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। अंत में जिला संयोजक पारूल जैन ने आभार व्यक्त किया।






