अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिला जेल में हत्या के मामले में पिछले 10 महीनों से बंद 30 वर्षीय कैदी नागेश मलाजपुरे की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार, सोमवार रात करीब 9.30 बजे तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने जेल में मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वर्तमान में सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और मंगलवार सुबह मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की जेल में हत्या की गई है। उन्होंने आशंका जताई कि नागेश के साथ जेल में मारपीट हुई, जिससे उसकी मौत हुई। उन्होंने बताया कि नागेश उनका इकलौता बेटा था और उसके 9 व 6 साल के दो छोटे बेटे हैं। पिता ने बताया कि गुरुवार को नागेश की मां उससे जेल में मिलने गई थीं, तब उसने किसी तरह की तकलीफ नहीं बताई थी। शनिवार को भी परिवार के सदस्यों ने फोन पर बात की थी, तब भी नागेश ने स्वस्थ होने की बात कही थी। सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें बेटे की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सिटी कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि नागेश मलाजपुरे 29 जून को हुए हत्याकांड के मामले में आरोपी था और गत 3 जुलाई से जिला जेल में बंद था। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मृतक के शव का मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराकर पीएम कराया गया।
Views Today: 6
Total Views: 6

