अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर जिलाधीश से चर्चा की। इस दौरान सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें जिलाधीश द्वारा सभी बिंदुओं पर शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधि मंडल ने मांग रखी कि स्लॉट बुकिंग की गति बढ़ाई जाए, वर्तमान में स्लॉट बुकिंग के नाम पर मात्र औपचारिकता की जा रही है, जिससे किसान परेशान हो रहे हैं। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन 2000 क्विंटल खरीदी की मात्रा सुनिश्चित की जाए तथा गेहूं एवं चने की खरीदी के केंद्र बढ़ाए जाएं। समर्थन मूल्य पर खरीदी जाने वाली सभी फसलों का तौल बड़े इलेक्ट्रॉनिक कांटे से किया जाए। इसके साथ ही बिक्री के दौरान किसान के अंगूठे की बाध्यता समाप्त करने, रजिस्ट्रेशन में अंकित मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से बिलिंग करने एवं सभी केंद्रों पर बाहर किया जाने वाला तौल पूर्व की तरह करने की मांग रखी गई। सहकारी समितियों की वसूली की तारीख बढ़ाने, ताकि किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज का लाभ मिल सके, जले हुए ट्रांसफार्मर को शासन के नियमानुसार तीन दिवस के भीतर बदलने की मांग भी की गई। रहटगांव एवं सिराली तहसील में डीएमओ गोदाम के लिए शीघ्र भूमि आवंटित करने, अजनई उपनहर के लिए सिंचाई विभाग के साथ चर्चा कर स्थल निरीक्षण कराने तथा हरदा जिले के मुख्य जल वितरण बिंदु 3008 पर जिले के अधिकार का पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा किसानों पर नरवाई जलाने से संबंधित बनाए गए प्रकरण समाप्त करने की बात भी कही गई। प्रतिनिधि मंडल में भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री योगेंद्र भांभू, नरेंद्र दोगने, विजय मलगाया, श्याम पाटिल, लोकेश गौर, दीपचंद नवाद, बृजेश मुकाती, विनय पटेल सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Views Today: 26
Total Views: 26

