अनोखा तीर, हरदा। थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की घटना के चंद घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल 2026 को फरियादी इमेश सरबरे, निवासी ग्राम गांग्याखेड़ी थाना टिमरनी ने कोतवाली हरदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 12.30 बजे वह अपने दो छोटे भाइयों के साथ मोटरसाइकिल से यादव छात्रावास के पास पहुंचा था। इसी दौरान चार अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली और जबरदस्ती करते हुए नगदी व अन्य सामान लूट लिया। आरोपियों ने फरियादी की जेब से 1100 रुपये निकाले, चाकू दिखाकर मोबाइल का पासवर्ड पूछकर 1700 रुपये काव्य जनरल स्टोर को ट्रांसफर कराए। साथ ही एक अन्य युवक की जेब से 180 रुपये तथा राजवीर डोंगरे के कान से सोने की बाली भी छीन ली। घटना के बाद आरोपी झाड़ियों की ओर फरार हो गए। मामले में कोतवाली हरदा में अपराध क्र.229/26 धारा 126(2), 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी आर.एल. भारती के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फरियादी द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर दबिश देकर 12-13 अप्रैल की रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय राजपूत निवासी सेंट मेरी स्कूल के पास हरदा, हारिश खान निवासी मदीना कॉलोनी हरदा एवं समीर अली निवासी खेड़ीपुरा हरदा शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को स्वीकार करते हुए चौथे आरोपी मोटू मालवीय का नाम बताया, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से समीर अली से सोने की बाली कीमत लगभग 13 हजार रुपये, अजय से 680 रुपये नगद एवं हारिश से 600 रुपये नगद बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में एएसआई जितेंद्र राजपूत, आरक्षक प्रदीप मालवीय, नीलैश पटेल एवं साजन राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता, चंद घंटों में लूट के आरोपी गिरफ्तार

17 Views




