अनोखा तीर, मसनगांव। एक बार फिर क्षेत्र में खराब मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार शाम को छाए काले बादलों से बारिश की आशंका बन गई। पिछले आठ दिनों से मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण बादल छाने और बूंदाबांदी होने से खलिहान में पड़ी उपज को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल से ढकना पड़ रहा है। खराब मौसम के कारण खेत-खलिहान में रखे सामान को भी अंदर करना पड़ रहा है। इस समय गेहूं, चना, सरसों आदि की कटाई के बाद मक्का फसल की कटाई शुरू होने वाली है। ऐसे में मौसम खराब होने से किसानों को खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। ग्राम के किसान मुकेश पाटिल ने बताया कि मक्का की कटाई 8-10 दिनों में लगने वाली है, लेकिन मौसम खराब होने से शाम के समय गहरे बादलों से बारिश की आशंका बनी रहती है। इसके चलते खलिहान में पड़ी उपज को ढककर रखना पड़ रहा है, वहीं भूसा-सरवा आदि के ढेरों को भी सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल से ढककर बचाव किया जा रहा है। मौसम में बदलाव का असर खेतों में खड़ी फसलों पर भी दिखाई दे रहा है। मूंग की फसल में किसान बीमारियों से बचाव के लिए दवाइयों का छिड़काव कर रहे हैं। किसान किर्तन रायखेरे ने बताया कि इस प्रकार के मौसम से मूंग की फसल में बीमारियों का प्रकोप हो सकता है। जिन खेतों में मूंग की फसल है, वहां लगातार निगरानी कर फसल की सुरक्षा की जा रही है। लेकिन मौसम में हो रहे बदलाव के चलते जिन खेतों में मूंग फसल में पानी चल रहा है, वहां यदि बेमौसम बारिश होती है तो फसल प्रभावित हो सकती है। इसके लिए किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
बादलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता

43 Views




