-तिलक, फूल और मिठाई के साथ हुआ नए छात्रों का किया स्वागत
अनोखा तीर, करताना। शासकीय सांदीपनी उच्च माध्यमिक विद्यालय करताना में आज कक्षा पहली, छठवीं और नवमी के नव प्रवेशित छात्रों के लिए ‘प्रवेश उत्सवÓ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय के नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले दिन नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किसी त्यौहार की तरह किया गया, जिससे स्कूल का वातावरण उमंग और अपनेपन से सराबोर नजर आया।
परंपरा और प्रेम का संगम
जैसे ही नन्हे-मुन्ने बच्चे अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय की दहलीज पर पहुंचे, शिक्षकों और वरिष्ठ छात्रों ने उनका अभिनंदन किया। भारतीय संस्कृति का निर्वहन करते हुए प्रत्येक बच्चे के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। शिक्षकों ने बच्चों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें यह एहसास कराया कि वे इस ज्ञान के उपवन के सबसे अनमोल फूल हैं। स्वागत की मिठास को बढ़ाते हुए बच्चों को मिठाइयां भी बांटी गईं, जिससे उनके चेहरों पर खिलखिलाती मुस्कान बिखर गई। संस्था प्राचार्य पीसी दान्द्रे ने बताया कि प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य नए बच्चों के मन से स्कूल का डर निकालकर उन्हें एक सहज और खुशनुमा माहौल प्रदान करना है। रंग-बिरंगे गुब्बारों और झंडियों से सजे स्कूल परिसर को देख बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। वरिष्ठ अध्यापक प्रमोद उमरिया ने कहा, हमारा लक्ष्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चे को ऐसा परिवेश देना है जहाँ वह खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। आज का यह स्वागत समारोह इसी दिशा में एक छोटा सा प्रयास है।
अभिभावकों में दिखा उत्साह
अपने बच्चों का इस तरह भव्य स्वागत होते देख अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को उनकी कक्षाओं तक ले जाया गया, जहां उनके बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि शिक्षा की शुरुआत यदि प्रेम और सम्मान के साथ हो, तो सीखने की प्रक्रिया और भी प्रभावी हो जाती है। इस दौरान प्रधान पाठक गिरीश पारे, गणेश जाट, दुर्गेश मंडाराई, रिंकेश मरस्कोले, सोहागसिंह कटारे, करतार सिह राजपूत, सुखदेव पटानकर, हरिकिशन भाटी, अश्विनी चौहान, कल्पना प्रधान, कृष्णा भदौरिया, कीर्ति खेरवा, संतोष पूनासे, आत्माराम सांखला एवं अन्य शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।
Views Today: 6
Total Views: 6

