-न खुलता है कार्यालय, न होती है सफाई, विकास कार्य ठप होने से ग्रामीण परेशान
-फर्श पर उपेक्षित हालत में मिला तिरंगा
अनोखा तीर, खिरकिया। जनपद पंचायत खिरकिया के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सक्तापुर में इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा और अव्यवस्थाओं का आलम चरम पर है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ग्राम पंचायत कार्यालय नियमित रूप से नहीं खोला जाता, जिससे आम नागरिकों को छोटे-छोटे शासकीय कार्यों और जरूरी दस्तावेजों के लिए बार-बार पंचायत भवन के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। गाँव में विकास और साफ-सफाई से जुड़े तमाम कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं, जिससे स्थानीय जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है। गांव के स्थिति की जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी दिनेश कुमार गौर ने बताया कि पंचायत भवन में ताला भी नहीं हटता और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। विशेष रूप से हनुमान मंदिर वाली गली में लंबे समय से कीचड़ और गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सरपंच और सचिव को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया और हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई समाधान नहीं निकाला गया है। ग्रामीणों के अनुसार गाँव के मुख्य मार्गों पर गड्ढे और जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश के इस मौसम में नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
स्वतंत्रता दिवस पर भी नहीं दिखी कोई तैयारी
15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व बेहद नजदीक है, लेकिन इसके बावजूद सक्तापुर पंचायत परिसर में राष्ट्रीय पर्व जैसी कोई तैयारी दिखाई नहीं दे रही है। ध्वजारोहण स्थल के आसपास घनी झाड़ियां और गाजरघास उगी हुई है तथा पूरे परिसर में पक्षियों की बीट और कचरा फैला हुआ है। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन के अंदर राष्ट्रीय ध्वज को भी एक कोने में फर्श पर उपेक्षित हालत में रखा हुआ पाया गया, जो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की घोर लापरवाही को उजागर करता है। बदहाली और असुविधाओं से परेशान ग्रामीणों ने अब जनपद पंचायत सीईओ और जिला कलेक्टर हरदा से मांग की है कि मामले का तुरंत संज्ञान लेकर गैर-जिम्मेदार पंचायत अमले के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और ग्राम पंचायत सक्तापुर में सफाई व्यवस्था तथा रुके हुए विकास कार्यों को अविलंब बहाल कराया जाए। इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव रामशंकर गुर्जर का पक्ष जानने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।





