Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के आसपास बनी दलदल

3 min read
Text Size:

-बाउंड्रीवॉल और पेवर ब्लॉक लगाने की मांग पर नहीं हुई कार्रवाई

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के आसपास बारिश के दिनों में दलदल की स्थिति बनने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा है और चारों ओर कीचड़ फैल गया है। इससे स्वास्थ्य केंद्र के आसपास गंदगी के साथ मच्छर-मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के समय ही ग्रामीणों ने भवन के चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनाने और पेवर ब्लॉक लगाने की मांग की थी, ताकि परिसर को व्यवस्थित रखने के साथ बारिश के दिनों में कीचड़ की समस्या से राहत मिल सके। लेकिन ग्रामीणों की मांग पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। अब बारिश शुरू होने के बाद इसका खामियाजा मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भुगतना पड़ रहा है।
सामने मैदान में भी भरा रहता है पानी
स्वास्थ्य केंद्र भवन के सामने भी बारिश का पानी जमा होने से मैदान का उपयोग नहीं हो पा रहा है। परिसर के आसपास खाली जमीन होने के कारण बारिश का पानी मिट्टी में मिलकर दलदल में तब्दील हो गया है। मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों को भवन तक पहुंचने में भी परेशानी होती है। बुजुर्गों और छोटे बच्चों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।
आश्वासन के बाद भी नहीं लगे पेवर ब्लॉक
ग्रामीणों के अनुसार जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के आसपास पेवर ब्लॉक लगाए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल्द ही परिसर का समतलीकरण कर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से काम शुरू नहीं हो पाया। बारिश का मौसम आने के बाद अब समस्या और गंभीर हो गई है।
स्वास्थ्य केंद्र के आसपास गंदगी, बीमारी का खतरा
एक ओर स्वास्थ्य विभाग लोगों को साफ-सफाई और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव की सलाह देता है, वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ही पानी जमा होने से मच्छर और मक्खियां पनपने की स्थिति बन रही है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द परिसर का समतलीकरण कराकर पेवर ब्लॉक लगाने, बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने तथा पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाए जाने की मांग की है। इस संबंध में बीएमओ अखिल बिश्नोई ने बताया कि शासन स्तर से राशि आने पर पेवर ब्लॉक लगाया जाएगा। बाउंड्री वॉल बनाए जाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply