स्वावलंबन कार्यक्रम के तहत सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ

अनोखा तीर, हरदा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के सान्निध्य में गायत्री शक्ति पीठ, हरदा द्वारा स्वालंबन कार्यक्रम के तहत आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने हेतु 1 अप्रैल 2026 से तीन माह के सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती कीर्ति अग्रवाल, श्रीमती सुनीता गोयल एवं गायत्री शक्ति पीठ हरदा के मुख्य ट्रस्टी एडवोकेट ऋषि पारे की गरिमामय उपस्थिति में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उपस्थित अतिथियों द्वारा सिलाई मशीनों का पूजन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उद्बोधन में मुख्य ट्रस्टी ऋषि पारे ने कहा कि सभी बहनें परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा दिए गए 18 सत्संकल्पों को अपने जीवन में अपनाएं और गायत्री शक्तिपीठ हरदा सिलाई केंद्र पर आत्मअनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्राप्त करें। इस अवसर पर युग निर्माण सत्संकल्प का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम में हरदा तहसील समन्वयक शैलेंद्र पाराशर, प्रबंधक सियाराम गौर, साधना गौर, कुसुम गौर, किरण अग्रवाल, रीता गौर, सुनीता अग्रवाल, मधु पारे सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में 30 बहनों ने प्रवेश फॉर्म भरकर भागीदारी की और आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य बहनों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

40 Views

Leave a Reply