पेयजल स्रोत के पास शौचालय निर्माण, व्यापारी संघ ने जताया विरोध

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, सिराली। नगर परिषद द्वारा पुराने ग्राम पंचायत भवन के पास प्रस्तावित सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नगरवासियों में विरोध बढ़ गया है। बुधवार को फुटकर व्यापारी संघ ने तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्माण स्थल बदलने की मांग की। संघ के सचिव आशीष पंवार ने बताया कि प्रस्तावित शौचालय स्थल के समीप नल-जल योजना का लगभग 40 वर्ष पुराना बोरवेल स्थित है, जिससे नगर की करीब 75 प्रतिशत आबादी को पेयजल आपूर्ति होती है। ऐसे में बोरवेल के पास शौचालय निर्माण से जल स्रोत के दूषित होने की आशंका जताई गई है। व्यापारी संघ ने अपने ज्ञापन में इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में हुए जल प्रदूषण के मामले का हवाला देते हुए कहा कि यदि समय रहते स्थल नहीं बदला गया तो सिराली में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उनका कहना है कि भविष्य में सेप्टिक टैंक या ड्रेनेज रिसाव के कारण दूषित पानी भूजल में मिल सकता है, जिससे डायरिया, उल्टी-दस्त जैसी जलजनित बीमारियां फैलने का खतरा रहेगा। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराई जाए और शौचालय का निर्माण पेयजल स्रोत से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी और नगरवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।  ज्ञापन सौंपने के दौरान शेख असलम, भोले शंकर कुशवाहा, सतनारायण सुचार, शैतान सिंह कोसा, दिनेश नामदेव, महेंद्र मालवीय, अनिल कुशवाहा, सतीश कुशवाह, योगेश कुशवाह, लाल कुशवाह, मंगेश कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, दीपक कुशवाह और गोलू कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नगरवासी मौजूद रहे।

Views Today: 12

Total Views: 12

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!