-किसान यूनियन ने नरवाई, पानी-बिजली और खरीदी पर उठाए सवाल
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में सोमवार को आम किसान यूनियन के बैनरतले किसानों ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ दर्जन किसानों ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम अशोक डेहरिया को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। यूनियन से जुड़े किसान सुनील गोल्या ने कहा कि हरदा जिला कृषि के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी रहा है और कई पुरस्कार भी हासिल कर चुका है। इसके बावजूद किसानों की समस्याएं कम नहीं हो रही हैं, जबकि सरकार वर्ष 2026 को ‘किसान सम्मान वर्षÓ के रूप में मना रही है।
नहर में पानी नहीं, फसलों पर संकट
किसानों ने आरोप लगाया कि नरवाई जलाने के मामलों में निर्दोष किसानों को नोटिस देकर और गिरफ्तारी का भय दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्रवाई को तत्काल बंद करने की मांग की। टिमरनी शाखा से जुड़े करीब 32 गांवों के किसानों को नहर में पानी छोड़े जाने के चार दिन बाद भी पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है। किसानों ने खिरकिया क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से हुई आगजनी के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही, रोजाना कम से कम 12 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही। ज्ञापन में हरदा मंडी में गेहूं, मक्का, चना सहित अन्य फसलों के दाम कम होने पर व्यापारियों पर सख्ती की मांग की गई। साथ ही ऋण वसूली की अंतिम तिथि 15 मई तक बढ़ाने, गेहूं खरीदी जल्द शुरू करने और मूंग खरीदी की तिथि घोषित करने की मांग रखी गई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आम किसान यूनियन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
Views Today: 20
Total Views: 20

