रामनवमी पर निकली शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, टिमरनी। रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को नगर में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। बैण्ड-बाजों, ढोल-ताशों और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में पांच आकर्षक रथ-बग्गियां शामिल रहीं। इसमें भगवान श्रीराम दरबार की मनमोहक झांकी सजाई गई एवं भगवान श्रीराम की प्रतिमा विराजमान रही। वहीं क्षेत्र के पूज्य संत भी रथ पर उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु ढोल-ताशों की धुन पर शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा का शुभारंभ प्राचीन शंकर मंदिर, टिमरनी से हुआ, जो गांधी चौक, इतवारा बाजार, गुर्जर छात्रावास, सूर्या टॉवर, न्यू मार्केट और बस स्टेशन होते हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण, टिमरनी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों एवं नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान नगर भगवा रंग में रंगा नजर आया और हर ओर राम नाम की गूंज सुनाई दी। समापन स्थल पर महाआरती एवं विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन समस्त हिन्दू समाज, टिमरनी द्वारा किया गया, जिसे सफल बनाने में नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।

Views Today: 6

Total Views: 6

Leave a Reply

error: Content is protected !!