अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम की माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला भवन के पीछे बने गेट के पास स्थित रपटे की हालत खराब होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रपटे को काटने के बाद खाली हुई जगह पर पंचायत द्वारा भराव नहीं किए जाने से वहां गहरी खाई बन गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, शाला में कुछ साल पहले पीछे की ओर विद्यार्थियों के आवागमन के लिए एक छोटा गेट बनाया गया था, जिससे गांव के विद्यार्थी सीधे स्कूल पहुंचते हैं। पुराने कक्षों के पास बनी दीवार में लगे लोहे के गेट की दीवार में दरार आ गई है, जिसके कारण गेट का हिस्सा अलग होकर पूरा भाग हिलने लगा है। वहीं, नए बनाए गए नाले को पार करने के लिए बनाए गए रपटे को पुराने रपटे से नहीं जोड़ा गया, जिससे बीच में गहरी खाई बन गई है। क्षतिग्रस्त रपटे को लेकर शिक्षकों द्वारा पंचायत से मुरम भरकर सुधार करने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। इसी कारण स्कूल के पीछे वाले गेट पर ताला लगा हुआ है। शाला परिसर में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों के साथ आंगनवाड़ी के बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी आवागमन करती हैं। यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में प्राथमिक शाला की शिक्षिका रमा ओनकर ने बताया कि पंचायत द्वारा रपटे को काटकर नाले का निर्माण किया गया था, जिसे अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को स्टेट हाईवे से होकर आना पड़ेगा, जिससे उन्हें परेशानी हो सकती है। वहीं, पंचायत की सरपंच रानी चौहान ने बताया कि गेट के नीचे खाली जगह में मुरम भरकर समतल किया जाएगा, जिससे शाला के विद्यार्थी और आंगनवाड़ी के बच्चे सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकेंगे।
स्कूल परिसर के रपटे की हालत खराब, सुधार नहीं होने से विद्यार्थियों को खतरा

92 Views




