-गायत्री शक्ति पीठ में स्वास्थ्य शिविर व भंडारे का हुआ आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के सानिध्य में नवरात्रि पर्व के अखंड जाप साधना सत्र के समापन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ हरदा में भक्ति, सेवा और संस्कारों से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंचकुंडीय यज्ञ विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत नौ दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका संचालन गायत्री विमेंस क्लीनिक की संचालक डॉ. अपूर्वा काशिव द्वारा किया गया। इसके साथ ही दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में डॉ. आदर्श शुक्ला, डॉ. अमन गिरी एवं डॉ. शिवम सातनकर ने अपनी सेवाएं प्रदान कर समाजहित में योगदान दिया। शिविर में आमजन को नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया गया, जिससे लोगों को लाभ मिला। पंचकुंडीय यज्ञ के साथ-साथ शक्तिपीठ परिसर में अन्य धार्मिक एवं संस्कार भी नि:शुल्क संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का विशेष संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सेवा भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं ने समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संभालीं, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। समापन समारोह में जिला चिकित्सालय हरदा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच. पी. सिंह की उपस्थिति रही। गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य ट्रस्टी ऋषि पारे एवं प्रबंधक सियाराम गौर व परिजनों द्वारा सभी चिकित्सकों का तिलक लगाकर, गायत्री मंत्र का दुपट्टा व साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। अंत में सभी के सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की कामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय ने स्वस्थ रहने, परिवार को स्वस्थ रखने तथा नवपीढ़ी को संस्कारवान बनाने का संकल्प लिया। साथ ही वातावरण परिष्करण एवं परिमार्जन के लिए समर्पित रहकर कार्य करने और गायत्री मंत्र के प्रचार-प्रसार का संकल्प भी लिया गया।

Views Today: 22
Total Views: 22

