गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग, 40-50 एकड़ फसल जलकर हुई राख

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, सिवनी मालवा। ग्राम बाबड़िया में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग भड़क उठी। तेज हवा के चलते लपटें पलक झपकते ही कई खेतों तक फैल गईं और देखते-ही-देखते लगभग 40 से 50 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसानों की मेहनत चंद मिनटों में बर्बाद हो गई, जिससे क्षेत्र के अन्नदाताओं को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले बाबड़िया के बाहरी छोर स्थित खेतों में देखी गई। ग्रामीणों ने प्रारंभिक स्तर पर फसल बचाने के लिए प्रयास किए पर हवा की रफ्तार के कारण आग बेकाबू हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम विजय राय, तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए  अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई। ग्रामीणों ने निजी टैंकर और पंपों की मदद से मोर्चा संभाला। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आवागमन प्रभावित हुआ और आग बहुत दूर तक फैल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। किसानों ने शासन से तत्काल सर्वे कर मुआवजे की मांग की है ताकि रबी सीजन की बर्बाद फसल की भरपाई हो सके। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि ग्रामीणों ने भविष्य में फायर ब्रिगेड की पर्याप्त व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया की मांग दोहराई है।

Views Today: 22

Total Views: 22

Leave a Reply

error: Content is protected !!