तवा डेम से 766 क्यूसेक पानी छोड़ा, 29 मार्च को पहुंचेगा नहरों में  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। 27 मार्च सुबह 9 बजे प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भारतीय किसान संघ द्वारा नहर उत्सव मनाने के लिए तवा डेम पहुंचकर मूंग सिंचाई की शुरुआत की गई। इस दौरान सर्वप्रथम भगवान भोलेनाथ, हनुमान जी तथा नहर, डेम एवं जल देवता का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद हरदा एवं नर्मदापुरम जिले की मूंग फसल सिंचाई के लिए तवा बांयी तट मुख्य नहर में प्रारंभिक तौर पर 766 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नहर में पानी की मांग के अनुसार इसे धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। यह पानी 28 मार्च की रात में हरदा जिले में पहुंचेगा तथा 29 मार्च से जिले की सभी नहरों में पानी दिखाई देने लगेगा, जिससे ग्रीष्मकालीन मूंग फसल की सिंचाई शुरू हो जाएगी। भारतीय किसान संघ के जिला जल संसाधन विभाग प्रभारी दीपचंद नवाद ने बताया कि 19 मार्च 2013 को पहली बार मूंग फसल के लिए तवा डेम से पानी की मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारी सुरेश दोगने, नरेंद्र दोगने, विनोद पाटिल, विजय मलगाया और दीपचंद नवाद भोपाल पहुंचे थे। वहां तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं अवर मुख्य सचिव राधेश्याम जुलानिया से सहमति प्राप्त कर ग्रीष्मकालीन मूंग फसल के लिए पानी छोड़ा गया था। इसके बाद कई बार तवा डेम से पानी छोड़े जाने से किसानों को अरबों रुपये का लाभ हुआ, लाखों लोगों को रोजगार मिला तथा व्यापारियों और शासन को भी करों के रूप में फायदा हुआ। उन्होंने कहा कि हरदा एवं नर्मदापुरम जिले में कृषि क्षेत्र में जो प्रगति दिखाई दे रही है, उसमें तवा डेम के जल का महत्वपूर्ण योगदान है। नवाद ने बताया कि नहर एवं जल पूजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में जल एवं नहरों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है, ताकि पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग हो और व्यर्थ बहने वाले पानी को रोककर पेयजल व रबी सिंचाई के साथ ग्रीष्मकालीन मूंग फसल के लिए अधिक जल उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण में मिली खामियां
नहरों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर नहर का एफ.एस.एल. लेवल, नहर का नाम एवं डिजाइन डिस्चार्ज अंकित नहीं है, जबकि बैठकों में सभी गेज तैयार होने की जानकारी दी जाती है। एक मुख्य नहर के गेज पर नंबर भी अंकित नहीं पाए गए, जो विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री विजय मलगाया, जिला जल संसाधन विभाग प्रभारी दीपचंद नवाद, बाबूलाल कमेड़िया, प्रेमनारायण बीड़ा एवं हर्ष नवाद मौजूद रहे। वहीं सिंचाई विभाग से तवा डेम के इंचार्ज एसडीओ एन.के. सूर्यवंशी, सब इंजीनियर सोनारे, ईएन डैम एसडीओ विजय पांचाल, ईएन डैम सब इंजीनियर मनीष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Views Today: 8

Total Views: 8

Leave a Reply

error: Content is protected !!