अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले की टिमरनी तहसील मुख्यालय में मंगलवार शाम को वार्ड नंबर 3 के निवासियों ने कुशवाहा कॉलोनी के पास चक्काजाम कर दिया। यह प्रदर्शन रेलवे ओवरब्रिज के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने, नागरिकों को धूल-गड्ढों बचाने और सर्विस रोड की मांग को लेकर किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन से एक दिन पहले भाजपा पार्षद सुनील दुबे के नेतृत्व में यह जाम लगाया गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पार्षद सुनील दुबे ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले करीब दो सालों से चल रहा है, लेकिन अब तक यह केवल 40 से 50 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए वार्ड नंबर 3 की कुशवाहा कॉलोनी से एक वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था। इस मार्ग से बड़े और छोटे वाहनों का लगातार आवागमन जारी है, जिससे स्थानीय लोगों को पूरे दिन धूल और बड़े-बड़े गड्ढों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का घरों में रहना हुआ मुश्किल
दुबे ने जानकारी दी कि ब्रिज का निर्माण भोपाल की पुनीत चड्ढा कंपनी द्वारा किया जा रहा है। वैकल्पिक मार्ग से केवल छोटे वाहनों और यात्री बसों के निकलने की निर्धारित तिथि 11 जनवरी को समाप्त हो चुकी है। कॉलोनी के निवासियों ने सर्विस रोड बनाने के लिए चार बार प्रदर्शन किया है, लेकिन न तो सर्विस रोड बनाई गई है और न ही ब्रिज का निर्माण पूरा हुआ है, जिससे यहां के लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पार्षद दुबे ने आरोप लगाया कि ब्रिज निर्माण कंपनी के कर्मचारी छोटे वाहनों के लिए बनाए गए मार्ग से पैसे लेकर लोडेड डंपरों को निकलने दे रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 5 फरवरी को एसडीएम संजीव नागू ने सड़क किनारे का अतिक्रमण हटाया था। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सबसे पहले सर्विस रोड बनाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
Views Today: 18
Total Views: 18

