अनोखा तीर, हरदा। हरदा शहर में रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के कारण बंद हुए रेलवे फाटक से उत्पन्न आवागमन की समस्या को लेकर विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने डीआरएम पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल, हरदा कलेक्टर तथा सहायक मंडल इंजीनियर रेलवे हरदा को पत्र लिखकर शीघ्र समाधान की मांग की है। विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि हरदा शहर में रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके कारण होटल राज रेसीडेंसी के पास स्थित रेलवे फाटक बंद होने से शहरवासियों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड 35 पीलियाखाल स्थित रेलवे पुलिया के नीचे वर्तमान में नाले का पानी भरा हुआ है। यदि पुलिया के नीचे भरे पानी को पाइप लाइन के माध्यम से निकाल दिया जाए तो इस मार्ग से पैदल यात्री, दोपहिया तथा चारपहिया वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से शुरू कराया जा सकता है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा और रेलवे फाटक बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिलेगी। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में 26 दिसंबर 2025 को भी संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया था तथा स्थानीय रेलवे अधिकारियों से कई बार चर्चा भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की है कि पीलियाखाल स्थित रेलवे पुलिया के नीचे भरे नाले के पानी की तत्काल निकासी कराकर मार्ग को आवागमन के लिए शुरू कराया जाए, ताकि शहरवासियों को सुविधा मिल सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे जनहित में धरना आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन और रेलवे विभाग की होगी।

