-निष्पक्ष जांच एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग, सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। राजस्थान के बीकानेर जिले के राणजीतपुरा गांव में हाल ही में घटी एक नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की घटना से देशभर में आक्रोश व्याप्त है। परीक्षा देने घर से निकली बालिका का मृत अवस्था में मिलना कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। इस घटना को लेकर हरदा जिले में भी गहरा रोष व्यक्त किया गया। मामले के विरोध में सर्व सेन समाज बारबर एसोसिएशन जिला हरदा ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति एवं मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष दीपक तंवर के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ऐसी घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित करती हैं। संगठन ने मांग की कि प्रकरण की त्वरित, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित हो तथा आरोपियों को कठोरतम दंड दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो सर्व सेन समाज राष्ट्रव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय भारतीय मजदूर संघ जिला उपाध्यक्ष मुकेश निकम सहित दिनेश वर्मा, दीपक सेन, रोहित राठौर, नीरज वर्मा, निलेश चौहान, रेवाशंकर सेन, कमलेश सेन, लोकेश चौहान, नारायणी सेवा जिला अध्यक्ष अर्जुन सेन, मुकेश सेन, राजेश भाटी एवं सुनील वर्मा सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता का प्रश्न है और न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद रहेगी।
Views Today: 38
Total Views: 38

