-ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी के लिए हरदा में शुरु होगा जन-संवाद अभियान
अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार द्वारा ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लागू किए गए ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका की गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025Ó के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु हरदा जिले में व्यापक आई.ई.सी. सूचना, शिक्षा एवं संचार कार्यक्रम का आगाज होने जा रहा है। आयुक्त, मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद, भोपाल के निर्देशों के परिपालन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत हरदा श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने जिले की सभी जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जोसेफ ने बताया कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को न केवल रोजगार का वैधानिक अधिकार देना है, बल्कि एक ऐसी व्यवस्था खड़ी करना है जहां काम के बदले पारदर्शी और त्वरित भुगतान सुनिश्चित हो, योजना का निर्माण और क्रियान्वयन पूरी तरह पंचायत स्तर पर हो तथा सोशल ऑडिट (सामाजिक अंकेक्षण) के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता रहे। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जोसेफ ने अभियान को गति देने के लिए सप्ताह-वार थीम आधारित गतिविधियों का निर्धारण किया है। जारी कार्यक्रम अनुसार पहला सप्ताह 23 से 28 फरवरी अंतर्गत भ्रम बनाम तथ्य तथा रोजगार से परिसम्पत्ति तक पर मीडिया संवाद कार्यक्रम जिला स्तर पर किया जाएगा। जिसमें मुख्य तथ्य 125 दिन रोजगार की गारंटी, देरी से भुगतान से संबंधित प्रावधान, पंचायत की भूमिका तथा ग्रामीण परिसम्पत्तियों का सृजन आधारित गतिविधियां शामिल हैं। दूसरा सप्ताह 2 से 7 मार्च तक के तहत अधिकार संरक्षण संकल्प दिवस अंतर्गत ग्राम स्तर पर सामूहिक शपथ, बैनर/पोस्टर का प्रदर्शन संबंधी आधारित गतिविधियां शामिल है। तीसरा सप्ताह 9 से 14 मार्च तक के तहत विकसित भारत ग्राम संवाद अंतर्गत संवाद-चौपाल/ग्राम सभा/ग्राम स्तरीय बैठक, दीवार लेखन/फ्लैक्स संबंधी आधारित गतिविधियां शामिल है। चौथा सप्ताह 16 से 21 मार्च तक अहिंसा से अधिकार थीम आधारित गतिविधियां अंतर्गत चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता, जागरुकता यात्रा संबंधी गतिविधियां शामिल है। पाँचवा सप्ताह 23 से 28 मार्च के अंतर्गत जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर पंचायत राज प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा, नए अधिनियम पर प्रस्तुतीकरण तथा पुराने कानून की कमियों का समाधान आधारित गतिविधियां शामिल है। इसी प्रकार छटवां सप्ताह 30 मार्च से 4 अप्रैल तक विकसित भारत-श्रमिक सम्मान कार्यक्रम अंतर्गत विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर कम से कम 100 दिवस का रोजगार प्राप्त करने वाले श्रमिकों का सम्मान आयोजित किया जाएगा तथा श्रमिकों द्वारा अनुभव साझा किए जाएंगे।
Views Today: 26
Total Views: 26

