-किसानों को मिल रही सोलर पंप की सौगात
अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम कुसुम योजना का घटक-ब प्रदेश में ‘प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजनाÓ के नाम से संचालित है, जिसके अंतर्गत हरदा जिले के किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा और भी आसान हो रही है। जिले में ऑफग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम होगी तथा खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी। प्रभारी जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी नरेन्द्र जैन ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के लिए अत्यंत सरल एवं लाभकारी वित्तीय ढांचा तय किया गया है। योजना के तहत किसान अंशदान केवल 10 प्रतिशत, केंद्र सरकार का अनुदान 30 प्रतिशत तथा बैंक ऋण शेष 60 प्रतिशत है। योजना के तहत ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है। ऋण प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है।
योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया
योजना का लाभ प्राप्त करने एवं वेंडर द्वारा कार्य प्रारंभ करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए-कुसुम-बी राज्य पोर्टल से एआईएफ में ऑनलाइन आवेदन नोडल बैंक में किसान का खाता एवं सीआईएफ की उपलब्धता, डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक द्वारा ऋण की अंतिम स्वीकृति आवश्यक है।
जिले में अब तक की प्रगति
प्रभारी अक्षय ऊर्जा अधिकारी श्री जैन ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक हरदा जिले में 361 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। इस योजना से किसानों को दिन के समय निर्बाध सिंचाई, कम लागत में खेती तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता का लाभ मिल रहा है।

