अनोखा तीर, भोपाल। ऐतिहासिक गोहऱ महल में आयोजित अनंत महोत्सव के दूसरे दिन उत्साह, संवाद और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे और सतत विकास तथा जागरूक जीवनशैली पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संस्कृति संरक्षण एवं मानव कल्याण ट्रस्ट द्वारा ग्राम पारडसिंगा, तहसील सौसर, जिला पंढुर्ना से जुड़े ग्राम आर्ट प्रोजेक्ट को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए इनोवेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने ग्राम आर्ट प्रोजेक्ट से जुड़े शिल्पी, सहयोगी एवं प्रेरक नूतन द्विवेदी, मधुरा दफ्तरी और वेदांत भट्ट को सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण भारत की रचनात्मक चेतना और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बताया। ग्राम आर्ट प्रोजेक्ट द्वारा प्रस्तुत बीज पर्व पहल के अंतर्गत पटाखों का एक प्रकृति-मित्र विकल्प सामने रखा गया है। इस पहल का संदेश है-
चलो बारूद नहीं, बीज चुनते हैं।
बीज पर्व के अंतर्गत पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से निर्मित, शोषण-मुक्त वातावरण में तैयार किए गए तथा जीवित बीजों से युक्त बीज पटाखे प्रस्तुत किए गए हैं। ये बीज पटाखे पारंपरिक पटाखों की तरह ध्वनि, प्रकाश और वायु प्रदूषण फैलाकर पक्षियों एवं जानवरों को हानि नहीं पहुँचाते, बल्कि प्रकृति-हितैषी और आवास-पुनर्जीवित करने वाले हैं। इन बीज पटाखों को उपयोग करने की प्रक्रिया भी सरल है। इन्हें केवल मिट्टी में बोना और नियमित रूप से पानी देना होता है। कुछ समय पश्चात ये अंकुरित होकर सुंदर पौधों में परिवर्तित हो जाते हैं। इन पौधों को सहेजकर आगे उपयोग भी किया जा सकता है। इस प्रकार ग्राम आर्ट प्रोजेक्ट ने उत्सवों को पर्यावरण-अनुकूल और अर्थपूर्ण बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल प्रस्तुत की है, जो समाज को सजग, जिम्मेदार और प्रकृति-सम्मत जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है।
Views Today: 8
Total Views: 8

