अनोखा तीर, रहटगांव। रहटगांव-सोडलपुर मार्ग पर खाकरा वाले बाबा के पास जनपद उपाध्यक्ष अनिल वर्मा (लिबर्टी) द्वारा मंदिर का निर्माण कराया गया। आज यहां मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति महाप्रसाद का कार्यक्रम विधिवत संपन्न होगा। रविवार को खाकरा बाबा से धनगांव, मोहनपुर, नजरपुरा एवं रहटगांव तक बैंड-बाजे के साथ चल समारोह भी निकाला गया, जिसमें सियाराम दास खाकी महाराज की मौजूदगी में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम के अंतर्गत कुंडात्मक शिवशक्ति महायज्ञ के साथ भगवान नृसिंह एवं दुर्गाजी की प्रतिमाओं की स्थापना का आयोजन भी किया गया। यज्ञाचार्य बालकृष्ण वशिष्ठ एवं प्रधानाचार्य पंडित पंकज तिवारी द्वारा शनिवार को मूर्तियों का महास्नान, नगर भ्रमण, देवता न्यास एवं रात्रि निवास की विधियां संपन्न कराई गईं। अनिल वर्मा (लिबर्टी) ने बताया कि नृसिंह मंदिर क्षेत्र का एकमात्र मंदिर है और उनका परिवार पूर्व से ही यहां श्रद्धा एवं पूजा-अर्चना करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान नृसिंह सभी प्रकार की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

Views Today: 14
Total Views: 14

