अनोखा तीर, हरदा। खाटू श्याम परिवार हरदा द्वारा दसवां फाग उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। रविवार दोपहर 2 बजे बड़ा मंदिर घंटाघर चौक से भव्य पैदल निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए। निशान यात्रा बड़ा मंदिर घंटाघर चौक से प्रारंभ होकर कन्हैया मंदिर, चांडक चौराहा, पोस्ट ऑफिस, नया बाजार होते हुए पशु चिकित्सालय भवन के सामने स्थित हनुमान मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भक्तों ने बाबा की ध्वजा लहराते हुए भजनों पर नाचते-गाते पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। यात्रा में उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विक्रांत अग्रवाल ने खाटू श्याम बाबा, हनुमान जी एवं गणेश जी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। फाग उत्सव के सफल आयोजन पर खाटू श्याम परिवार के पदाधिकारियों ने सभी भक्तों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। शाम 7 बजे कृषि उपज मंडी प्रांगण में बाबा की विशाल भजन संध्या एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें भजन गायक विक्रांत अग्रवाल, भजन गायिका रश्मि शर्मा (समस्तीपुर) एवं गुरप्रीत धारीवाल (चंडीगढ़) ने देर रात तक सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान बाबा का भव्य दरबार सजाया गया तथा श्याम भक्तों ने दरबार में पहुंचकर बाबा की ज्योत प्रज्वलित की। कार्यक्रम में होली एवं फाग के विशेष भजन भी प्रस्तुत किए गए।
Views Today: 8
Total Views: 10

