हंडिया पुलिस को बड़ी सफलता

दो वाहन चोर गिरफ्तार, दो चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त
अनोखा तीर, हंडिया। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी और थाना प्रभारी हंडिया के निर्देशानुसार विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा लगातार संदिग्धों से पूछताछ एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जा रहे दो संदिग्धों जयसिंह पिता माखन, जाति गोंड, उम्र 22 वर्ष एवं भारत पिता लखन, जाति गोंड, दोनों निवासी भमोरी को रोका। मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर वह चोरी की होना स्वीकार किया गया। दोनों आरोपियों से गंभीरता से पूछताछ करने पर उन्होंने एक अन्य हीरो कंपनी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी कबूल किया।
आरोपियों की निशानदेही पर उनके द्वारा छिपाकर रखी गई दूसरी चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस प्रकार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हंडिया निरीक्षक रामप्रसाद कवरेती, प्रआर ब्रजेश साहू, आर नितेश एवं आर मनोज की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

72 Views

Leave a Reply