डेली स्कूल ऑफ एजुकेशन में मनया विदाई व ग्रेजुएशन समारोह

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम स्थित डेली स्कूल ऑफ एजुकेशन में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन गरिमामय, अनुशासित एवं भावनात्मक वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विद्यालय की विरासत और मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए नेतृत्व की भूमिका निभाने का संदेश दिया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं टॉर्च लाइटिंग के माध्यम से ज्ञान, जिम्मेदारी और मूल्यों की मशाल को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। विदाई समारोह में कक्षा 12वीं के विद्यार्थी उल्लास और सम्मान के साथ मंच तक पहुँचे, जबकि कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण एवं टीमवर्क के साथ पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया। उनके इस प्रयास की उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों में प्रीति मैडम, सुभाष सर, उदय सर, कंचन मैडम, सुहास मैडम, शिक्षकगण अरुण शर्मा , विवेक, नितिन, करण एवं बृजेंद्र सर का विशेष योगदान रहा। वहीं पुष्पा मैडम एवं नेहा मैडम ने दीप प्रज्ज्वलन एवं टॉर्च लाइटिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य किरण मिश्रा (सिटी कोऑर्डिनेटर, जिला हरदा) ने विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन प्रतिज्ञा दिलवाई। उन्होंने विद्यार्थियों से दाहिना हाथ आगे बढ़ाकर संकल्प दिलाया कि वे जीवन में कभी भी डगमगाएँगे नहीं, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के मार्ग से कभी नहीं भटकेंगे तथा अपने विद्यालय की प्रतिष्ठा को सदैव बनाए रखेंगे। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत से केवल अपना ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, परिवार, समाज, कॉलेज और विद्यालय का नाम रोशन करते हैं, इसलिए प्रत्येक निर्णय सोच-समझकर और सही समय पर लेना आवश्यक है। विद्यालय के डायरेक्टर अखिलेश चौधरी ने विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि सच्ची सफलता केवल डिग्री से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, सही सोच, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। समारोह में मिस्टर एवं मिस डीएसई के रूप में मयंक भाटी एवं अर्चना को विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहे। विदाई के भावुक क्षणों में कक्षा 12वीं एवं 11वीं के विद्यार्थी, शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं विद्यालय प्रबंधन भावविभोर नजर आए, वहीं कई विद्यार्थियों की आँखों में विद्यालय से बिछड़ने की नमी साफ दिखाई दी। डेली स्कूल ऑफ एजुकेशन में आयोजित यह समारोह अनुशासन, संस्कार, नेतृत्व और भावनात्मक जुड़ाव का सशक्त उदाहरण बना, जिसकी उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

Views Today: 2

Total Views: 68

Leave a Reply

error: Content is protected !!