-नारी सशक्तिकरण का संदेश एवं ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर मनाया गणतंत्र दिवस
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सोडलपुर स्थित आदर्श बाल विकास हायर सेकेंडरी स्कूल में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह स्कूल प्राचार्य शिवकुमारी आंजने द्वारा ध्वजारोहण एवं सलामी के साथ की गई। इसके पश्चात मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने अपने जोशीले और भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण के माध्यम से यह संदेश दिया कि आज का विद्यार्थी ही कल का राष्ट्रनिर्माता है। कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई, सरदार वल्लभभाई पटेल, राजगुरु, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और बलिदान को प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से स्मरण किया गया। विद्यालय के प्राचार्य तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में आयोजित यह समारोह अत्यंत अनुशासित, प्रेरणादायक और भावनात्मक रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान के साथ-साथ एकता और अखंडता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों को लड्डू एवं मिठाइयां वितरित कर मुंह मीठा कराया गया तथा गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे विद्यालय परिसर में वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयघोष गूंजते रहे।
शक्ति, सम्मान और स्वाभिमान

143 Views


