अनोखा तीर, सिराली। पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बंदी मुहाड़िया निवासी एक युवक को 5 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा सहित गिरफ्तार किया है। जप्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 57 हजार रुपये बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को थाना सिराली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बंदी मुहाड़िया में एक व्यक्ति अपने घर के आंगन में बनी टपरी से अवैध मादक पदार्थ गांजा बेच रहा है। सूचना विश्वसनीय पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खिरकिया के निर्देशन में थाना प्रभारी सिराली द्वारा तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस टीम हमराह स्टाफ एवं दो स्वतंत्र गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का व्यक्ति अपने घर के बाहर संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम अखिलेश पिता मोहन कुशवाह, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बंदी मुहाड़िया बताया। इसके बाद पुलिस द्वारा आरोपी के घर के आंगन में बनी टपरी की तलाशी ली गई, जहां सफेद रंग की तीन पारदर्शी थैलियों में कुल 5 किलो 700 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही गांजे को जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना सिराली में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा विवेचना में लिया गया है। इस कार्रवाई में उनि सीताराम पटेल, उनि हेमंत पाण्डे, प्रधान आरक्षक प्रवीण रघुवंशी, आरक्षक सुनील इवने, सौरभ मिश्रा, ईशांत गौर एवं उमेश पवार की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।

Views Today: 2
Total Views: 52

