-100 भक्तों ने लिया मैराथन दौड़ यात्रा में हिस्सा
अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सोडलपुर से राजस्थान रुणिचा स्थित बाबा रामदेव के दर्शन के लिए निकली द्वितीय वर्ष की मैराथन ध्वज निशान यात्रा 69 घंटे में बाबा के मंदिर पहुंची, जहां ध्वज निशान अर्पित कर पूजा-अर्चना व प्रसाद चढ़ाया गया। इस मैराथन यात्रा में कुल 100 भक्तों ने हिस्सा लिया। यह यात्रा रविवार सुबह 11 बजे बाबा रामदेव मंदिर सोडलपुर से प्रारंभ हुई थी। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण नेमावर तक भक्तों को विदा करने पहुंचे। बुधवार सुबह 8 बजे लगभग 1100 किलोमीटर की यह मैराथन दौड़ यात्रा राजस्थान रुणिचा स्थित बाबा रामदेव के मंदिर पहुंची। लगातार मैराथन दौड़ में शामिल भक्त निरंतर दौड़ते रहे। यात्रा को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए तीन टोलियां बनाई गई थीं, जिनके सदस्यों ने भक्ति भाव से दौड़ते हुए इस ध्वज निशान यात्रा को पूरा किया। बाबा की लहराती ध्वजा ने युवा और बुजुर्ग सभी को ऊर्जा और शक्ति प्रदान की। पिछले वर्ष भी सोडलपुर से बाबा रामदेव के लिए मैराथन ध्वज निशान यात्रा निकाली गई थी, जिसमें लगभग 60 भक्त शामिल हुए थे और यात्रा 81 घंटे में पूरी हुई थी। इस वर्ष यात्रा 12 घंटे पहले पूर्ण होने से भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। यात्रा में शामिल राकेश साखला, आदित्य पटेल, लोकेश सांखला, पंकज सांखला, जितेंद्र भाटी, अंकित भाटी, चंदू सोलंकी, सतीश सिंनगांवने और राहुल सोलंकी ने बताया कि बाबा की अटूट आस्था और विश्वास के चलते सभी युवा साथियों ने बिना रुके यह यात्रा पूरी की। मार्ग में जगह-जगह भक्तों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया।
Views Today: 2
Total Views: 78

