महर्षि ज्ञानपीठ में धूमधाम व गरिमा के साथ मनाया गणतंत्र दिवस

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 8.30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान गूंज उठा, जिससे समूचा वातावरण देशप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विविध एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ एवं संदेशात्मक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर न केवल विद्यार्थी बल्कि उपस्थित अभिभावक भी भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विशाल बघेल, डॉ.शिरीष अग्रवाल, देवेंद्र दुआ, राम नेमा, अंजू भायरे, श्वेता राजपूत एवं मनन सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान की गरिमा एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्था की प्रिंसिपल श्रीमती कामना राजपूत ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्था का बोर्ड कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कक्षा 12वीं के विद्यार्थी अल्ताफ खान ने जिले की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर संस्था का नाम गौरवान्वित किया। प्रिंसिपल श्रीमती कामना राजपूत ने यह भी बताया कि महर्षि ज्ञानपीठ केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेलकूद के क्षेत्र में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। संस्था के कई विद्यार्थी विभिन्न खेलों में राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जो विद्यालय की गतिविधि-आधारित शिक्षा प्रणाली की सफलता को दर्शाता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, स्टाफ एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। महर्षि ज्ञानपीठ में मनाया गया यह गणतंत्र दिवस समारोह सभी के लिए प्रेरणादायक, गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय बन गया।

Views Today: 4

Total Views: 82

Leave a Reply

error: Content is protected !!