विधायक ने महात्मा गांधी शासकीय उ.मा.वि. में विकास कार्यों का किया लोकार्पण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा विधायक निधि वर्ष 2025-26 की राशि से शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हरदा में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का मंगलवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। विधायक निधि की 5 लाख 99 हजार 913 रुपये की राशि से विद्यालय में आवश्यक अधोसंरचना, सुविधाओं एवं विकास से जुड़े कार्य पूर्ण कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यालय को मिली इस सौगात के लिए शाला परिवार द्वारा शाला परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने एवं जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विधायक डॉ. दोगने ने उपस्थित अतिथियों के साथ शाला परिसर में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। शाला के प्राचार्य जे.पी. प्रजापति द्वारा विधायक डॉ. दोगने का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा शाला परिवार की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्य उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा एवं जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक डॉ. दोगने ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए माता-पिता एवं गुरूजनों का सम्मान करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, प्राचार्य जे.पी. प्रजापति, पालक-शिक्षक संघ अध्यक्ष नम्रता सेवारिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी प्रबल पंवार, विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल, गोविन्द व्यास, कैलाश पटेल, ज्ञानदास गुर्जर, आदित्य पटेल, शिवा गुर्जर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Views Today: 2

Total Views: 92

Leave a Reply

error: Content is protected !!