-कलेक्टर जैन ने ध्वज वंदन कर परेड की सलामी ली
अनोखा तीर, हरदा। गणतंत्र दिवस हरदा जिले में समारोह पूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर झंडा वंदन किया और इस दौरान आयोजित परेड की सलामी ली। उन्होंने इस दौरान रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। कलेक्टर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व लोकतंत्र रक्षकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों और खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. आर.के. दोगने, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेडिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, पुलिस अधीक्षक शशांक, वनमण्डलाधिकारी एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन सहित विभिन्न अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में जोनर एजुकेशन सिस्टम हरदा ने प्रथम, द फाउण्डेशन ऑफ एजुकेशन ने द्वितीय व संस्कार विद्या पीठ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सरस्वती विद्या मंदिर हरदा व शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
शासकीय योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी देती झाकियां
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देने वाली झांकियां प्रदर्शित की गई। झांकियों में प्रथम पुरस्कार कृषि विभाग की झांकी को, द्वितीय पुरस्कार वन विभाग की झांकी को तथा तृतीय पुरस्कार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की झांकी को दिया गया। कार्यक्रम में इन विभागों के अलावा होमगार्ड, स्वास्थ विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, उद्यानिकी विभाग व स्कूल शिक्षा विभाग ने अपनी झांकियां प्रस्तुत की।
कलेक्टर ने शहीद गेलरी का किया अवलोकन
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर पालिका कार्यालय परिसर में स्थित शहीद गेलरी का अवलोकन किया व देश की आजादी के लिये प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों के प्रति श्रद्धांजली अर्पित की। इस अवसर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती कमेड़िया अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कलेक्टर श्री जैन ने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित महापुरूषों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया।

Views Today: 2
Total Views: 78

