सड़क सुरक्षा को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें :  कलेक्टर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को हम सभी अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें। हमारे जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है, जो हम सबके लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस वर्ष अब तक हरदा जिले में 28 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 11 लोगों की असमय मृत्यु हुई है। ये आंकड़े हमें चेतावनी देते हैं कि थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ सकती है। कलेक्टर ने सभी से अनुरोध किया है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अवश्य करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएँ, नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएँ और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें। ओवर स्पीड, गलत साइड वाहन चलाना और खतरनाक ओवरटेकिंग से स्वयं भी बचें और दूसरों को भी बचाएँ। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा लगभग 20 दुर्घटना संभावित हॉट स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहाँ संबंधित विभागों के सहयोग से आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं लेकिन प्रशासन के प्रयास तभी सफल होंगे जब जनता का सहयोग मिलेगा। उन्होने कहा कि हम सभी मिलकर संकल्प लें कि सुरक्षित वाहन चलाएँगे, नियमों का पालन करेंगे और अपने परिवार व समाज को सुरक्षित रखेंगे।

109 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!